लखनऊ विश्वविद्यालय में समाजवादी छात्र सभा से जुड़े छात्रों ने उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने विश्वविद्यालय के गेट नंबर-1 पर जमावड़ा कर नारेबाजी की और महिला सुरक्षा तथा अपराधों पर नियंत्रण न होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने बैनर और तख्तियां थामे हुए कहा कि बहन-बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर बस में बैठाया। कुछ छात्र बस की खिड़कियों से नारे लगाते और हाथ हिलाते नजर आए। प्रदर्शनकारियों ने भाजपा सरकार पर कानून-व्यवस्था बिगड़ने और महिलाओं के खिलाफ अपराधों में वृद्धि का आरोप लगाया।
इसके अलावा प्रदर्शन में पेपर लीक और परीक्षाओं में अनियमितताओं जैसे मुद्दे भी उठाए गए। करीब 25 मिनट तक चले इस प्रदर्शन के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और कई छात्रों को इको गार्डन भेज दिया। छात्र संगठन ने सरकार से ठोस कार्रवाई की मांग की है।





